14 Feb 2026, Sat

भारतीय सेना और पतंजलि के बीच महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर इस क्षेत्र में मिलकर कार्य करने को लेकर बनी सहमति

उत्तर प्रदेश। योग,आयुर्वेद चिकित्सा, वेलनेस,स्वास्थ्य रक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र जैसे विविध विषयों में मिलकर कार्य करने को लेकर भारतीय सेना और पतंजलि योगपीठ के मध्य एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।

बरेली स्थित सेना हेडक्वार्टर में एमओयू हस्ताक्षर के दौरान पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण तथा भारतीय सेना से लेफ्रिटनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रामणी (जीओसी इन सी सेंट्रल कमांड), लेफ्रिटनेंट जनरल आर.सी. तिवारी (जीओसी उत्तर भारत क्षेत्र), ब्रिगेडियर अमन आनंद (कमांडर, मुख्यालय 9 स्वतंत्र माउंटेन ब्रिगेड ग्रुप) एवं मेजर विवेक जैकोब उपस्थित रहे।

इस एमओयू के अन्तर्गत योग, आयुर्वेद चिकित्सा एवं वेलनेस के क्षेत्र में, हमारे सैनिक भाइयों की स्वास्थ्य रक्षा हेतु आवश्यक आयुर्वेदिक दवाइयों के अनुसंधान के क्षेत्र में, जैव विविधता के अनुरूप उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जीवन रक्षक पेड़ पौधों पर अनुसंधान के क्षेत्र में, सेना में सूचना एवं प्रौद्योगिकी से लेकर ऑटोमेशन के विभिन्न प्रयोगों के क्षेत्र में साथ मिलकर महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। साथ ही पतंजलि की सहयोगी संस्थाओं द्वारा सेवानिवृत्त सैनिक भाइयों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा कार्यों में नियुक्ति देने पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि हमें गर्व भी है और जिम्मेदारीपूर्ण अनुभव भी है कि इस कार्य को पूर्ण करने में तथा राष्ट्र के प्रति अपनी कृतज्ञता को ज्ञापित करने में पतंजलि कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *