6 Nov 2026, Fri

त्योहारी सीजन में हरिद्वार का वन विभाग अलर्ट, अवैध शिकार और पेड़ों के कटान पर रहेगी पैनी नजर

जंगलों में छोटी-बड़ी दूरी की गश्त बढ़ेगी, एसओजी और खुफिया तंत्र को किया सक्रिय; सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश

हरिद्वार। त्योहारी सीजन में जंगलों और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। त्योहारों के दौरान अवैध शिकार और पेड़ों के अवैध कटान की आशंका को देखते हुए विभाग ने सभी वन रेंजों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। जंगलों में गश्त तेज करने के साथ ही एसओजी टीम और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।

हरिद्वार के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान वन और वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी रेंजों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शिकार और पेड़ों के अवैध कटान जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी।

डीएफओ के अनुसार, जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए छोटी और लंबी दूरी की गश्त को प्रभावी योजना के तहत संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग की एसओजी टीम और खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय किया गया है। इसका उद्देश्य जंगलों में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते जुटाना और तत्काल कार्रवाई करना है।

घटना से पहले रोकथाम पर रहेगा जोर

वन विभाग का फोकस केवल घटना होने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसी भी संभावित अपराध को पहले ही रोकने की रणनीति पर काम किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहारी सीजन के दौरान अपने-अपने मुख्यालय पर ही तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंच सके।

डीएफओ ने स्पष्ट किया कि जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की टीमें पूरे त्योहारी सीजन में सक्रिय रहकर वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!