1 Apr 2026, Wed

जिलाधिकारी के अनुसार प्रभावितों को सुरक्षित वैकल्पिक ठिकानों पर शिफ्ट करने की कार्यवाही जारी

पौड़ी। तहसील पौड़ी अंतर्गत रैदुल क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया तत्काल प्रभावित स्थल के लिए रवाना हुईं। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर भूस्खलन को हटवा कर सड़क मार्ग को खुलवाया गया तथा विभागीय अधिकारियों के साथ गांव पहुंचकर स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया, साथ ही प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने की कार्यवाही शुरू की गयी।

जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राहत केंद्रों पर ठहराने, भोजन, इमरजेंसी लाइट्स, जीवन रक्षक दवाओं, तथा पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करायी जा रही है।

जिलाधिकारी द्वारा राजस्व विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों को रैदुल सहित जनपद के अन्य प्रभावित क्षेत्रों/गांवों/कस्बों में जानमाल की क्षति का त्वरित सर्वेक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पौड़ी तहसील के बुरासी और थलीसैंण के बांकुड़ा गांवों में भी जानमाल की हानि का आकलन युद्धस्तर पर किया जा रहा है। बंद पड़े मोटर मार्गों को खोला जा चुका है तथा अन्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोलने की कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी ने पशुधन हानि के मामलों में प्रभावितों को तत्काल पशुचिकित्सा सेवाएं एवं अन्य योजनागत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जहाँ कहीं भी ग्रामीणों को खतरे की आशंका हो, वहाँ लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थानों पर स्थानांतरित करने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *