गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने दी जानकारी
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड व ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितंबर 2025 तक स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी गढ़वाल मंडल आयुक्त, विनय शंकर पांडे ने दी है।
आयुक्त ने बताया कि मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रहे भूस्खलन, रास्तों के क्षतिग्रस्त होने और बारिश के कारण बढ़े खतरे को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल यात्रा स्थलों की ओर रुख न करें और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

