31 Mar 2026, Tue
Breaking

भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा अगले 24 घंटे के लिए स्थगित, प्रशासन सतर्क

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और पहाड़ों में अतिवृष्टि की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अगले 24 घंटों के लिए स्थगित कर दिया है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

आयुक्त ने बताया कि वर्तमान में जो श्रद्धालु हरिद्वार और ऋषिकेश तक पहुंच चुके हैं, उन्हें वहीं रोक दिया गया है। पहाड़ों की ओर आगे यात्रा करने की अनुमति फिलहाल नहीं दी जाएगी। प्रशासन की टीमें सतर्क हैं और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश से भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल चारधाम यात्रा पर आगे न बढ़ें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

गढ़वाल आयुक्त ने यात्रियों और तीर्थयात्रा से जुड़े एजेंसियों को भी निर्देशित किया है कि मौसम सामान्य होने तक यात्रा को स्थगित रखें। स्थिति सामान्य होने पर यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

यात्रियों से अपील

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे धैर्य रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को फिर से प्रारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed