“प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ दिव्यांगजन विशेष शिविर, 309 का पंजीकरण”
“प्रमाण पत्र व सहायक उपकरण वितरण हेतु समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त शिविर”
‘जन-जन की सरकार’ की पहल, दिव्यांगजनों को मिला योजनाओं का लाभ
टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित ‘जन-जन की सरकार के शिविरो’ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जनपद के कई दिव्यांगजन विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं सहायक उपकरणों से किसी कारणवश लाभान्वित नहीं हो पाए हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार आज मुख्यालय के बौराड़ी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज, नई टिहरी में दिव्यांगजनों एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को एक ही स्थान पर समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा कुल 309 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श हेतु विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था की गई, जिनमें मनोवैज्ञानिक, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन आदि उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान 120 लोगों के विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही 15 लोगों के आधार कार्ड तैयार किए गए। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए, जिनमें 56 लोगों को कृत्रिम उपकरण, 10 लोगों को व्हीलचेयर, 24 लोगों को छड़ी, 20 लोगों को श्रवण यंत्र तथा 1-1 व्यक्ति को वॉकर एवं बैसाखी प्रदान की गई।

