13 Feb 2026, Fri

एआरटीओ कार्यालय सहित आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक कार्यालयों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शनिवार को एआरटीओ कार्यालय सहित आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों के रखरखाव में लापरवाही और व्यवस्थाएं संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

एआरटीओ कार्यालय में फाइलों एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पत्रावलियों को क्रमबद्ध एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही निष्प्रयोज्य सामग्री एवं पुरानी पत्रावलियों का नियमानुसार विनिष्टीकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली जांच में सुधार न मिलने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहन स्वामियों से संवाद कर लाइसेंस एवं फिटनेस सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। अधिकारियों को सुशासन के अनुरूप कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि प्रशासन की प्राथमिकताएं होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि सुविधा शुल्क की मांग अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्यालय के बाहर भ्रष्टाचार शिकायत निवारण का टोल-फ्री नंबर 1064 प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *