28 Feb 2026, Sat

आबकारी आयुक्त, अनुराधा पाल की सख्ती से तस्करों में हड़कंप, होटल में छापा

हरिद्वार। होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त आबकारी अनुराधा पाल के निर्देश पर राज्यभर में चल रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जनपदीय प्रवर्तन हरिद्वार एवं क्षेत्र-एक हरिद्वार की संयुक्त टीम ने भूपतवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। मुकबिर खास की सूचना पर टीम ने होटल गोविंद गेस्ट हाउस में छापा मारा। छापेमारी के दौरान वहां से 51 बोतल ‘ऑल सीजंस फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ शराब बरामद की गई। यह शराब उत्तराखंड में बिक्री के लिए अधिकृत नहीं थी। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 63 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

अनुराधा पाल, आयुक्त आबकारी

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार होली जैसे त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई और इसे किन-किन स्थानों पर खपाने की योजना थी।

आयुक्त आबकारी ने सभी जिलों को सतर्क रहने और लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की जहरीली या अवैध शराब से जनहानि की घटना न हो। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध शराब की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *