11 Feb 2026, Wed
Breaking

उधमसिंह नगर के काशीपुर में किसान सुखवंत सिंह द्वारा की गई आत्महत्या को लेकर “युवा-अग्नि” संगठन द्वारा हरिद्वार नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय, देवपुरा में पुष्कर सिंह धामी सरकार और उत्तराखंड पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को मामले की सीबीआई जांच करने और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिश्रा व अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने हेतु ज्ञापन सौंपा।

हरिद्वार। महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के उधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर का किसान सुखवंत सिंह जमीन खरीद में हुए धोखे के बाद न्याय के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिश्रा से लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाते हुए दर-दर की ठोकरें खाता रहा और जब सुखवंत सिंह को हर जगह से निराशा ही मिली तो उसने आत्महत्या कर ली।

सुखवंत सिंह की मौत के बाद पुलिस द्वारा एक विज्ञप्ति के माध्यम से मृतक सुखवंत के खिलाफ अनेकों आरोप लगाए गए।जबकि आत्महत्या से पूर्व सुखवंत सिंह ने आप बीती एक वीडियो के माध्यम से रिकॉर्ड की, जिसमें उत्तराखंड पुलिस के बड़े अधिकारियों से लेकर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों का दागदार और भ्रष्ट चेहरा भी बयां किया।

सुखवंत सिंह ने आत्महत्या से पूर्व जिन भी पुलिस अधिकारियों एसएसपी सहित अन्य सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपना बयान दिया है, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए, क्योंकि मृत्यु से पूर्व इंसान कभी झूठ नहीं बोलता। सुखवंत सिंह ने वीडियो में अपने साथ हुए घटनाक्रम को लेकर सीबीआई जांच की मांग की। इसलिए आप सुखवंत सिंह की अंतिम इच्छा का मान रखते हुए मामले की भारत सरकार से सीबीआई जांच करवाने हेतु आदेशित करने की कृपा करें।

इस अवसर पर संरक्षक सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। धामी सरकार हर मोर्चे पर विफल है, किसान आत्महत्या कर रहा है, भाजपा नेता बहन बेटियों का शोषण कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed