14 Feb 2026, Sat

जागेश्वर धाम पहुंची आईजी कुमाऊं, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि । ऋद्धिम अग्रवाल, आईजी कुमाऊं

अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम के दौरे पर पहुँची कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल ने साफ शब्दों में कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।” उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। आईजी ने यह भी कहा कि मंदिर आने वाले हर यात्री का अनुभव सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण होना चाहिए, क्योंकि यह पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है। साथ ही साथ धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाये। सभी प्रमुख स्थलों पर प्रवेश द्वारों पर फ्रिस्किंग, मेटल डिटेक्टर एवं सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाये।

भीड़ प्रबंधन और आधुनिक तकनीक से होगी सुरक्षा मजबूत

आईजी कुमाऊँ ने निरीक्षण के दौरान जोर दिया कि जागेश्वर जैसे पौराणिक और भीड़भाड़ वाले धाम में भीड़ प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात नियंत्रण की स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाए ताकि किसी भी समय अव्यवस्था न फैले। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था और नियमित पेट्रोलिंग को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। उनका मानना है कि सतर्कता और तकनीक का संयोजन ही आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की असली ताकत है।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद – समस्याओं और सुझावों का लिया संज्ञान

निरीक्षण के दौरान आईजी ने मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से सीधी वार्ता की। समिति द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुनते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। आईजी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति और पुलिस के बीच संवाद और समन्वय जितना बेहतर होगा, श्रद्धालुओं को सुविधाएँ उतनी ही प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील – सहयोग से मिलेगी सुरक्षा की गारंटी

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं और पर्यटकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा तभी प्रभावी होगी जब सभी लोग प्रशासन का सहयोग करेंगे। उन्होंने अपील की कि पुलिस द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुँचाएँ और अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने कहा – “श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है, और हम हर यात्री को सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

धार्मिक और पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखें – स्वच्छता पर विशेष जोर

आईजी ने जागेश्वर धाम की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि मंदिर और इसके आस-पास की पवित्रता को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों पर गंदगी फैलाना न केवल धार्मिक आस्थाओं के प्रति असम्मान है बल्कि पर्यटन छवि को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि “धार्मिक और पर्यटन स्थलों की मर्यादा बनाए रखें, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें और हमारी सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा में सहयोग करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *