बागेश्वर। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार — 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत नुमाइशखेत मैदान में बहु-विभागीय जनकल्याण शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, विधायक पार्वती दास तथा दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य, आयुर्वेद, कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास, उद्योग, निर्वाचन, आपदा प्रबंधन, पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन को लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।

दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय ने कहा कि उड़ान सेवा, आदर्श गांव योजना और नई शिक्षा नीति जैसी पहलों के माध्यम से प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 4 वर्ष के नितृत्व में अभूतपूर्व विकार कार्य किए गए।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि जनपद में अनेक विकास परियोजनाएँ तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिनमें खोली में सीसीयू निर्माण अंतिम चरण में है तथा खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने हेतु स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन एवं कांडा पेयजल योजना के माध्यम से गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है, बागेश्वर सीवरेज योजना का डीपीआर शासन को प्रेषित किया गया है।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य तीव्र गति से चल रहा है तथा झूला पुल और कुंती नाला से संबंधित समस्याओं का समाधान भी शीघ्र किया जा रहा है। साथ ही जनपद में कीवी एवं सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिला योजना का व्यय समय से पूर्व कर लिया गया है तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम में जनपद राज्य में अग्रणी है।

