जनपद के सभी कार्यालय एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई
हरिद्वार। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के 138 वी जयंती जनपद में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।पंत जी की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पहले पंत पार्क पहुंचकर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्प माला एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता एवं समाज सुधारक थे, जिनकी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिलाधिकारी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी का जन्म 10 सितंबर 1887 को अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में हुआ था, उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और विधि की डिग्री हासिल की तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉलेज के दिनों से ही वह राजनीति में सक्रिय हो गए थे तथा गोपाल कृष्ण गोखले जैसे नेताओं से प्रभावित हुए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंत के आधुनिक भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा एवं ईमानदारी से करना है तथा समाज के अंतिम छोर में निवासरत व्यक्तियों तक सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है तथा इस दिशा में सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। जिससे की प्रदेश एवं जनपद विकास एवं प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सके

