हरिद्वार
अधिशासी अभियन्ता सिंचाई को तुरन्त एस्टीमेट प्रस्तुत करने के दिये निर्देश
हरिद्वार/लक्सर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को जनपद के दूरस्थ क्षेत्र ढ़ाढ़ेरी पहुॅचकर सोलानी नदी तटबन्ध क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अमले के साथ मंगलवार की दोपहर कीचड़ भरे, ऊबड़-खाबड़ व कटीली झाड़ियों वाले रास्तों पर लगभग 01 किमी पैदल चलकर ढ़ाढ़ेरी-कुआंखेड़ा के मध्य बने सोलानी नदी तटबन्ध का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने तटबन्ध की महत्ता को ध्यान में रखते हुए सिंचाई विभाग के अभियन्ता को तत्काल एस्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि एस्टीमेट तत्काल प्रस्तुत करने के साथ ही कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाये ताकि संभावित खतरे को नगण्य किया जा सके।

अधिशासी अभियंता सिंचाई ओम गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नदी का ढ़ाल कम होने तथा नदी के बहाव प्रकृति के कारण पानी भूकटाव करते हुए तटबन्ध को प्रभावित कर सकता है। इस दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी नदी के बहाव, नदी से भूकटाव सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।

