दिनांक 27 फरवरी 2026 को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (युकॉस्ट), देहरादून स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र में दो -दिवसीय नवाचार महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आनंद बर्धन, मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर नितेश कुमार झा, सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सुराज तथा सूचना प्रौद्योगिकी, उत्तराखण्ड सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि आनंद बर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार आज के जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और नवाचार की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ना चाहिए।

नितेश कुमार झा ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं पहलुओं की जानकारी देते हुए राज्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता पर बात की। यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने नवाचार महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य के विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स एवं नवचारकों को अपने विचारों एवं तकनीकी उपलब्धियों के प्रदर्शन हेतु एक सशक्त मंच प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान माननीय अतिथियों ने साइंस सिटी निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया तथा यूकॉस्ट की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया, जिनमें सामुदायिक रेडियो स्टूडियो (विज्ञान वाणी), जैव विविधता पार्क, हाइड्रोपोनिक सेटअप, जल प्रयोगशाला, बौद्धिक सम्पदा अधिकार केन्द्र, साइंस एजुकेशन रिसर्च विंग, नालेज मैनेजमेंट सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब, हिमालयन गैलरी एवं अन्य प्रमुख अवसंरचनाएं एवं अनुभाग मुख्य रूप से शामिल रहे.


