12 Feb 2026, Thu
Breaking

चाकू से गोंदकर पेट, सीना और गर्दन किए छलनी, कत्ल के बाद 400 मीटर तक घसीट कर ले गए लाश, सत्यम के साथ बर्बरता की हदें पार

बर्बरता की हद होती है। यूपी के गोरखपुर में गोला इलाके में सनसनीखेज वारदात हुई। युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। कत्ल के बाद आरोपी युवक की लाश को चार सौ मीटर तक घसीट कर ले गए। बड़े भाई ने सात खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है।
गोरखपुर के गोला इलाके के खिरकिटा दुबे गांव के सत्यम (24) की शुक्रवार की देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शनिवार को भोर में पड़ोस के गांव के पास गेहूं के खेत में शव मिला। सत्यम के पेट, सीने और गर्दन पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। परिजनों ने पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सत्यम के बड़े भाई ने सात नामजद के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
हत्या की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किया। परिजनों ने करीब दो घंटे तक पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए शव नहीं ले जाने दिया। इसके बाद एसपी साउथ और सीओ गोला मौके पर पहुंचे और घरवालों को समझाकर शांत कराया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये की सहायता की मांग करते हुए पत्र सौंपा, जिसे पूरा कराने का अधिकारियों ने आश्वासन दिया।
घटना में बड़े भाई पवन कुमार की तहरीर पर खिरकिटा दीगर उर्फ मटियरिया गांव के सात आरोपियों जोगिंदर शर्मा, अमरदीप शर्मा, प्रदीप शर्मा, अजय कुमार शर्मा, माखन शर्मा, अमन और आकाश के खिलाफ हत्या के आरोप में गोला थाने में केस दर्ज किया गया है।
शुक्रवार शाम को घर से निकला था सत्यम
पुलिस को दी तहरीर में पवन कुमार ने लिखा है कि छोटा भाई सत्यम शुक्रवार शाम छह बजे घर से बिना बताए निकला था। रात को कॉल करने पर उसने फोन काट दिया। शनिवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करानी थी। इसी बीच भाई की हत्या की सूचना मिली।
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था सत्यम, रामलीला में हुए विवाद में हुई हत्या
सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे सत्यम की दो साल पूर्व रामलीला मेले के दौरान मटियरिया गांव के युवकों से विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इसके बाद से ही बदला लेने का क्रम जारी हुआ और तीन बार मारपीट हुई, केस भी दर्ज कराया गया। लेकिन दोनों पक्षों की दुश्मनी कम न होकर और बढ़ती चली गई। शनिवार को सत्यम को अकेला पाकर आरोपियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार भोर में खिरकिटा दीगर उर्फ मटियरिया गांव में सरकारी ट्यूबवेल के पास गेहूं के खेत में सत्यम का शव मिला। घटनास्थल देखने से साफ पता चलता है कि युवक की हत्या खड़ंजा वाली सड़क के किनारे स्थित सागौन के पेड़ों के पास की गई।
इसके बाद शव घसीटकर करीब चार सौ मीटर दूर गेहूं के खेत में ठिकाने लगाया गया। अर्धनग्न हाल में शव मिलने से यह चर्चा हो रही है कि आरोपियों ने पहले सत्यम का कपड़ा उतराकर पिटाई की है, इसके बाद चाकू मारा है।
उसके शरीर पर कमर के ऊपर आठ जगहों पर चाकू से वार किए गए हैं। खड़ंजे वाली सड़क से लगाए खेत तक शव को घसीटने के निशान मिले हैं। पुलिस टीम को घटना स्थल पर मृतक का मोबाइल, लीड और चप्पल मिला है।
टूट गया बेटे को अफसर बनाने का सपना
जवान बेटे की मौत के बाद सत्यम के किसान पिता रामनेवास और माता ज्ञानमती का रो-रोकर बुरा हाल है। ज्ञानमती देवी बार-बार अचेत हो जा रही थी। पिता रामनेवास ने बताया कि सत्यम ने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी। सपना था कि बेटा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करे, लेकिन अब यह कभी पूरा नहीं हो पाएगा।
इसके लिए दिन रात बेटा तैयारी करता था। शुक्रवार को उससे बात हुई थी। ये नहीं पता था कि उसे आखिरी बार बात कर रहा हूं। सत्यम दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।
गांव का मनबढ़ माना जाता था सत्यम
सत्यम गांव का मनबढ़ भी माना जाता था। आए दिन मारपीट में भी उसका नाम सामने आता था। गोला थाने में केस भी दर्ज है। बताया जा रहा है कि सत्यम शुक्रवार शाम को गांव में ही एक शादी में नाच देखने गया था। उसने घरवालों से रात में नहीं आने की बात भी बताई थी। दूसरे पक्ष को भी सत्यम के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद रास्ते में घेराबंदी कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने चार लोगों का उठाया
गोला पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। इसके अलावा आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह टीमें छापा भी मार रही हैं। सीओ गोला मनोज पांडेय ने बताया कि सत्यम पर मारपीट के चार केस दर्ज हैं। वर्ष 2023 में दो और वर्ष 2024 में दो केस दर्ज हुए हैं।
घटना के बाद सात नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश चल रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया है।- जितेंद्र कुमार तोमर, एसपी साउथ।

Avatar

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed