25 Oct 2026, Sun

कुंभ-2027 के लिए हरिद्वार में 3 किलोमीटर से अधिक लंबाई में बन रहे नए घाट, दिन-रात निर्माण कार्य जारी

हरिद्वार

*गंग नहर बंदी की अवधि का उपयोग कर घाट निर्माण में तेजी, मेला प्रशासन विभिन्न स्तरों पर कर रहा निरंतर निगरानी*

 

*मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बीती रात घाट निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का लिया जायजा*

कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं को स्नान की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में नए घाटों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। कुंभ नगरी में विभिन्न स्थानों पर तीन किलोमीटर से अधिक लंबाई के नए घाट विकसित किए जा रहे हैं। गंग नहर बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए मेला प्रशासन ने इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। घाटों पर दिन-रात निर्माण कार्य जारी हैं और कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता की विभिन्न स्तरों पर निरंतर निगरानी की जा रही है।

निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन नियमित समीक्षा के साथ स्थलीय निरीक्षण भी कर रहा है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका तथा अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने बीती रात विभिन्न घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। कुंभ की तैयारियों के तहत घाटों के विस्तार को स्नान सुविधाओं में वृद्धि के साथ-साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!