30 Oct 2026, Fri

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन चंबा में आयोजित हुई “रन फॉर यूनिटी” दौड़

*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्वेता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर किया दौड़ को रवाना, स्वयं भी अधिकारियों के साथ लगाई दौड़*

 

*राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश*

टिहरी। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आज पुलिस लाइन चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल, श्वेता चौबे के निर्देशन में “रन फॉर यूनिटी” दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्वेता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने स्वयं भी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

दौड़ का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना, राष्ट्रप्रेम एवं आपसी सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्वेता चौबे ने राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भारत की विविधता ही उसकी शक्ति है तथा आपसी सहयोग, भाईचारे और सद्भाव के माध्यम से राष्ट्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। इस प्रकार के आयोजन पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, समर्पण एवं सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम में *क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा एवं प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार* सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

“रन फॉर यूनिटी” के माध्यम से टिहरी पुलिस ने आमजन को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने, आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!