रुड़की। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की, दीपक रामचंद्र शेट द्वारा तहसील रुड़की स्थित तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति, पत्रावलियों के रख-रखाव एवं न्यायालयीन कार्यवाही की प्रगति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पेशकारों को निर्देशित किया कि न्यायालय में आगामी वादों की तिथियां अंकित करते समय विशेष सावधानी बरती जाए तथा किसी भी स्थिति में गलत तिथि दर्ज न की जाए। वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को सही सुनवाई तिथि की जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे अनावश्यक असुविधा एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुराने एवं लंबे समय से लंबित वादों में नियमानुसार छोटी एवं निकटवर्ती तिथियां निर्धारित की जाएं, ताकि ऐसे वादों की नियमित सुनवाई करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं अनुशासन बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी लंबित वादों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।

