3 Nov 2026, Tue

पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए पौड़ी में हिमालयन कार रैली और नाइट सफारी का होगा आयोजन, जिलाधिकारी ने ली बैठक

*04 एवं 05 दिसम्बर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी हिमालयन कार रैली*

 

*खोलाचौरी-अदवाणी क्षेत्र में 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में शुरू होगी नाइट सफारी*

पौड़ी। जनपद को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में विकसित करने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने के लिए हिमालयन कार रैली-2026 और नाइट सफारी जैसी नई गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है। उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित होने जा रही हिमालयन कार रैली के तहत 04 एवं 05 दिसम्बर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से रैली गुजरेगी। वहीं, खोलाचौरी से अदवाणी तक 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में नाइट सफारी शुरू करने की योजना है। इन पहलों से जनपद में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी विकसित होने की उम्मीद है।

हिमालयन कार रैली-2026 आगामी 02 से 06 दिसम्बर तक उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित हो रही इस रैली के माध्यम से प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, पर्वतीय मार्गों और पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान देने का प्रयास किया जाएगा। जनपद पौड़ी गढ़वाल में 04 एवं 05 दिसम्बर को रैली के विभिन्न चरण आयोजित होंगे। रैली की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित रूट, समय-सारणी, सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

रैली 03 दिसम्बर को रामनगर से प्रारम्भ होगी, जहां वाहनों की स्क्रूटनी एवं प्रतिभागियों की ब्रीफिंग की जाएगी। 04 दिसम्बर को रैली मोहान-मर्चुला होते हुए जनपद में प्रवेश करेगी। इसके बाद क्यार्की-मल्ली से नैनीडांडा तथा सेमरी-तल्ली सहित नैनीडांडा, लैंसडाउन, दुगड्डा और यमकेश्वर क्षेत्र के निर्धारित मार्गों से गुजरेगी। इन मार्गों से गुजरने वाली रैली के माध्यम से जनपद के पर्वतीय पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक दृश्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!