मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर मुख्यमंत्री ने प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से की बातचीत, सुनीं समस्याएं और जरूरतें।
सर्दी एवं संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश।


अग्निकांड में नष्ट हुए छह माह के राशन की होगी व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा बाधित न हो इसके लिए भी किए जाएंगे आवश्यक प्रबंध।
मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार का एक-एक अधिकारी और पूरा तंत्र प्रभावित बच्चों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है


जलाशय, हेलीपैड सहित गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम, फिलहाल प्रभावितों को तत्काल राहत और पुनर्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता।
घटना के तत्काल बाद संज्ञान लेकर राहत एवं सहायता पहुंचाने पर विधायक और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और भीषण अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी ली।


उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निकांड में हुए नुकसान का विस्तृत एवं वास्तविक आकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

