वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध टिहरी पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
*फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर 13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाला शातिर साइबर अपराधी जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार*
*टिहरी पुलिस की साइबर टीम ने राजस्थान में दी दबिश, ठगी में प्रयुक्त 02 मोबाइल फोन भी किए बरामद*
*साइबर पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अभियुक्त को किया गिरफ्तार*

*सरिता डोबाल, एसएसपी टिहरी गढ़वाल*
टिहरी गढ़वाल। जनपद के थाना चम्बा क्षेत्रांतर्गत निवासी वादिनी उषा देवी द्वारा दिनांक 03.10.2026 को थाना चम्बा में एक लिखित तहरीर दी गई थी। वादिनी द्वारा बताया गया कि अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर उनके साथ कुल 13 लाख रुपये की ठगी की है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चम्बा पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल द्वारा विवेचना साइबर पुलिस को हस्तांतरित करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं ठगी की घटना का शीघ्र अनावरण करने हेतु साइबर सेल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विवेचना के दौरान साइबर पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, डिजिटल लेन-देन एवं तकनीकी तथ्यों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में प्रकाश में आया कि अभियुक्त द्वारा फेसबुक पर कुर्ती का विज्ञापन डालकर वादिनी को ऑनलाइन खरीदारी के लिए आकर्षित किया गया। इसके पश्चात कुर्ती उपलब्ध कराने के नाम पर व्हाट्सएप्प नंबरों के माध्यम से धोखाधड़ी कर दी गई धनराशि रिफंड करने का झांसा दिया गया। इसी बहाने अभियुक्त द्वारा धोखाधड़ी करते हुए वादिनी से कुल 13 लाख रुपये हड़प लिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में साइबर पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्य संकलित करते हुए अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में अभियुक्त गुलशन मीना निवासी बरवा वस्सी, जयपुर, राजस्थान का नाम प्रकाश में आया।

