अल्मोड़ा: आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपदभर में आयोजित हो रहे जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, मॉक ड्रिल के माध्यम से सिखाए जा रहे राहत एवं बचाव के तरीके
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद अल्मोड़ा में विभिन्न विभागों द्वारा 25 से 28 नवंबर तक आपदा प्रबंधन संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण कार्यशालाओं एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों, विद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, कार्मिकों एवं आम नागरिकों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनसे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है।
विकासखंड धौलादेवी के सभागार में ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न प्रकार की आपदाओं एवं उनसे बचाव के उपायों के साथ ही साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

वहीं, अग्निशमन केंद्र रानीखेत द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत तथा अग्निशमन केंद्र अल्मोड़ा द्वारा स्प्रिंग डेल्स स्कूल में विद्यालयी सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन, आग लगने की स्थिति में बचाव, रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग को बुझाने, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विद्यालयों में अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील रखने तथा आपातकालीन निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि 28 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सफल राहत एवं बचाव अभियान के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की स्मृति में प्रदेश में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जा रहा है।

