12 Aug 2026, Wed

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न होने के बाद जनपद में चलाया जा रहा वृहद सफाई अभियान

जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों से अभियान में शामिल होने की अपील की

आस्था के साथ स्वच्छता का संकल्प—कांवड़ मेला समापन के बाद गंगा घाटों एवं निकाय क्षेत्रों में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान

हरिद्वार

कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल समापन के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों से भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होकर जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

इसी क्रम में आज विष्णु घाट, हरिद्वार में आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम एवं नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त प्रयास से गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनभागीदारी के माध्यम से घाटों से कूड़ा-कचरा एकत्र करने के साथ ही घाटों की धुलाई एवं सफाई की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों एवं दुकानदारों को प्लास्टिक एवं कचरा गंगा में न डालने तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने के लिए जागरूक किया गया।

आज के जनभागीदारी अभियान में 92 गार्बेज बैग कचरा एकत्र किया गया, जिसे वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया।

इसी क्रम में बाबा बंसी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति, शिवनगर, भूपतवाला के कार्यकर्ताओं द्वारा पंत दीप पूर्वी घाट पर भी सफाई अभियान चलाया गया। आश्रम समिति द्वारा बताया गया कि इस घाट पर प्रतिदिन का सफाई कार्य भी आश्रम द्वारा किया जाता है। कांवड़ मेले के दौरान एवं मेले के समापन के उपरांत घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में समिति द्वारा निरंतर सहयोग किया जा रहा है।

विभिन्न संगठनों ने भी किया स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग

जनपद में चलाए जा रहे इस वृहद स्वच्छता अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया जा रहा है। साथ ही, नगर निगम स्वच्छता की ब्रांड एम्बेसडर सोनिया द्वारा भी रोडीबेलवाला स्थित गंगा घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। संगठन के सदस्यों ने स्वच्छता अभियान में सहयोग करते हुए आमजन को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया।

जनपद के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में निकायों के साथ-साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा स्वच्छता अभियान में सहभागिता की जा रही है। इन अभियानों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों, मार्गों, घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!