10 Jun 2026, Wed
Breaking

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें सभी विभाग : आयुक्त गढवाल मंडल

नोडल अधिकारियों की भूमिका हो प्रभावी, कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक माह होगी बैठक

हरिद्वार, 06 जून

कुंभ मेला-2027 के आयोजन हेतु राज्य सरकार, भारत सरकार के विभिन्न विभागों, एजेंसियों तथा संबंधित संस्थाओं के मध्य समन्वय स्थापित करने और तैयारियों की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सीसीआर सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में कुंभ मेला-2027 से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर आयुक्त श्री आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ें तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला की तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में संबंधित विभागों के केवल नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी ऐसा अधिकारी होना चाहिए जिसे विभागीय कार्यों की संपूर्ण जानकारी हो।

बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए मेले की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला के लिए रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने हेतु संबंधित विभागों एवं संगठनों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।

बैठक में जिलाधिकारी देहरादून श्री आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार श्री नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी (कुंभ) श्री आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून श्री प्रमेन्द्र डोबाल ने भी कुंभ मेला आयोजन की तैयारियों को लेकर उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए।

नगर आयुक्त हरिद्वार श्री नंदन कुमार ने इस अवसर पर कुंभ मेला के दौरान सफाई, सैनिटेशन व्यवस्था तथा ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।

अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने बैठक में कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!