25 May 2026, Mon

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा इन दिनों पांच दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। अपने दौरे के क्रम में आज वह हरिद्वार स्थित जयराम आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उनसे आगामी 2027 चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

हरिद्वार

इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तराखंड में इस बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता भी भाजपा सरकार से निराश हो चुकी है और इस बार परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लंबे शासनकाल में जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हुई हैं, जिससे लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है।

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का हर वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। साथ ही उन्होंने युवाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है और रोजगार के अवसरों की कमी से परेशान है।

उन्होंने भाजपा पर विकास के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। कुमारी शैलजा ने कहा कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो प्रदेश के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और वास्तविक विकास करने में सक्षम है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है, ताकि आगामी चुनाव में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिल सके।

 

कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी आदि ने भी सम्बोधित किया। प्रमुख रूप से उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक रवि बहादुर, ममता राकेश, अनुपम रावत, फुरकान अहमद, काजी निजामुद्दीन वीरेंद्र जाती, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ संजय पालीवाल, अशोक शर्मा, महेश प्रताप राणा, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, मुरली मनोहर, मनोज सैनी, सोम त्यागी, कैश खुराना, फुरकान अली आदि सहित कांग्रेस के पार्षद, पदाधिकारी ओर कईं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!