
*शहर के चौराहों, तिराहों, डिवाइडरों और गंगा घाटों को आकर्षक लाइटिंग से सजाने की तैयारी तेज*
*कुल 26,250 स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों के माध्यम से शहर को रोशनी से सजाने का लक्ष्य, नगर आयुक्त ने गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश*
हरिद्वार। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए धर्मनगरी हरिद्वार को आकर्षक, सुंदर और रोशनी से जगमग बनाने के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त, नन्दन कुमार ने रात्रि में शहर की प्रकाश व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे लाइटिंग कार्यों का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों को आकर्षक डेकोरेटिव लाइटों से सजाने तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत शिवमूर्ति से आर्य नगर चौक तक पूरे डिवाइडर पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे दीपावली के अवसर पर यह प्रमुख मार्ग विशेष रूप से जगमगाता हुआ नजर आएगा।
इसके अतिरिक्त हरिद्वार के प्रमुख गंगा घाटों पर भी बेहतर स्ट्रीट लाइटिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, तिराहों, डिवाइडरों एवं घाटों पर पर्याप्त और आकर्षक रोशनी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दीपावली के अवसर पर हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को एक सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

शहर की समग्र प्रकाश व्यवस्था के अंतर्गत कुल 26,250 स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, नन्दन कुमार ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से लाइटों की गुणवत्ता, उचित इंस्टॉलेशन एवं उनकी कार्यशीलता पर ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली के दौरान शहर के किसी भी प्रमुख क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था की कमी न रहे।

