25 May 2026, Mon

बिना प्रिस्क्रिप्शन नशीली/नारकोटिक दवाओं की बिक्री पर सख्ती, ड्रग्स इंस्पेक्टर हरिद्वार अनीता भारती और सिडकुल पुलिस ने किया औचक निरीक्षण, काव्या मेडिकल स्टोर पर जड़ा ताला

हरिद्वार के रोशनाबाद क्षेत्र में नशीली और नारकोटिक दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर पर भारी अनियमितताएं पाई गईं, जहां बिना डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन के नशीली दवाएं बेची जा रही थीं। जांच के बाद संबंधित मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई जरूरी रिकॉर्ड नहीं मिले और नशीली दवाओं का भंडारण भी नियमों के विपरीत पाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मेडिकल स्टोर बिना डॉक्टर की सलाह के मादक दवाएं बेचते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

सिडकुल थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ड्रग्स कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार ऐसे मामलों पर नजर रख रही हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि वह ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें।

प्रशासन की यह सख्ती नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर नियंत्रण पाने के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है। औचक निरीक्षण से क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया है और अब उन्हें नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!