19 Aug 2026, Wed

कुंभ मेला तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का किया निरीक्षण

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन द्वारा अवस्थापना विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मेलाधिकारी, सोनिका ने बुधवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का भ्रमण कर लोक निर्माण विभाग तथा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण, सड़क, सौंदर्यीकरण एवं अन्य अवस्थापना विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

 

मेलाधिकारी ने कनखल क्षेत्र में एचआरडीए द्वारा कराए जा रहे फसाड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए धर्मनगरी हरिद्वार के इस पौराणिक व महत्वपूर्ण क्षेत्र को सजाने-संवारने, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में प्रमुख मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास बेहतर सौंदर्यीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम एवं मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले मार्ग के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 6.74 किलोमीटर लंबाई की इस योजना के लिए राज्य सरकार द्वारा 391.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मेलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क के किनारे बनाए जाने वाले फुटपाथ को सड़क की सतह से उपयुक्त ऊंचाई पर बनाए जाने तथा मार्ग के आसपास किए गए अतिक्रमण को सख्ती से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थानों पर योजनाबद्ध ढंग से सौंदर्यीकरण एवं पौधरोपण कराने को कहा, ताकि क्षेत्र को आकर्षक एवं हरित स्वरूप प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!