20 Sep 2026, Sun

गणेश चतुर्थी पर ननिहाल में विराजे गजानंद, कुंभ-2027 की थीम से सजा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में भगवान गणेश की विधि-विधान के साथ स्थापना की गई। भगवान शिव की ससुराल और भगवान गणेश का ननिहाल माने जाने वाले हरिद्वार में गणपति उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में जगह-जगह गणपति प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इसी क्रम में प्रसिद्ध गीता भवन में श्री महामाया गणपति संगठन की ओर से विशेष आयोजन किया गया।

इस बार गणपति महोत्सव के लिए पंडाल को कुंभ-2027 की थीम पर सजाया गया है। पंडाल में समुद्र मंथन की भव्य झांकी तैयार की गई है, जिसमें भगवान गणेश के साथ कुंभ और सनातन परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया गया है। गणपति पंडाल में समुद्र मंथन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

गणपति पंडाल में दिखी कुंभ की झलक

श्री महामाया गणपति संगठन की ओर से हर वर्ष गणपति महोत्सव के दौरान अलग-अलग थीम पर पंडाल तैयार किया जाता है। इस बार संगठन ने आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए पंडाल को कुंभ की थीम देने का निर्णय लिया। पंडाल की सजावट में कुंभ की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के साथ समुद्र मंथन को प्रमुखता दी गई है।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर साधु-संतों और कुंभ मेला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों की मौजूदगी में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। स्थापना के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि तथा कुंभ-2027 के सफल आयोजन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!