21 Nov 2026, Sat

हरिद्वार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सम्मुख एआई आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन, अब आमजन को एआई से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

हरिद्वार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सम्मुख एआई आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन, अब आमजन को एआई से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

एआई तकनीक से सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ एवं त्वरित रूप से आमजन तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला तैयारियों की समीक्षा की, मेलाधिकारी ने विकास कार्यों की प्रगति से कराया अवगत

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आज हरिद्वार–रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऐप एवं पोर्टल की विशेषताओं और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि एआई आधारित इस मोबाइल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अंतर्गत स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन पर नजर रखी जा सकेगी। साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एआई आधारित ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल, सुलभ एवं त्वरित रूप से पहुंचाई जा सकेगी, जिससे लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने में आसानी होगी।

 

उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ ही सरकारी सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मुख्यमंत्री को कुंभ मेले के दृष्टिगत संचालित विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आयोजन की तैयारियों की प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

इस अवसर पर आईजी मेला श्री योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी श्री नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त हरिद्वार श्री नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री ललित नारायण मिश्र, एसएसपी मेला श्री आयुष अग्रवाल, सचिव हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण श्री प्रत्यूष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!