12 Feb 2026, Thu
Breaking

6 फरवरी को होगा जश्न-ए-हजरत इमाम हुसैन स्वर्ण जयंती कार्यक्रम का आयोजन

इमाम हुसैन ने दिया सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत का पैगाम-सैयद अली हैदर

हरिद्वार, 5 फरवरी। पूरी दुनिया को इंसानियत का पैगाम देने वाले इमाम हुसैन की याद में प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम जश्न-ए.-हजरत इमाम हुसैन के पचास वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कार्यक्रम के आयोजक पूर्व राज्य मंत्री सैयद अली हैदर ने बताया कि पिछले 50 वर्ष से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की स्वर्ण जयंती पर शुक्रवार 6 फरवरी को मंगलौर में हैवन्स पैलेस में आयोजित किए जा रहे सेमिनार में सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत का पैगाम देने वाले इमाम हुसैन के बलिदानों एवं कर्बला की शहादत को याद किया जाएगा।

7 फरवरी को मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें अनेक नामचीन शायर अपनी प्रस्तुति देंगे। अली हैदर ने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए जुल्म और सितम के आगे सिर नहीं झुकाने वाले इमाम हुसैन देश दुनिया के सामने नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं मानव सेवा का प्रतीक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए देश के एकता अखंडता भाईचारे सौहार्द को बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। इंसानियत का पैगाम देते हुए आगे बढं़े। उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह में संघ नेता इंद्रेश कुमार विशिष्ट अतिथी होंगे। साथ ही भारत के विभिन्न धर्माे के धर्मगुरु, बुद्धिजीवी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रशासनिक अधिकारी तथा सभी समुदाय के लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रोफेसर तनवीर चिश्ती ने कहा कि एकता अखंडता से ही देश को मजबूत किया जा सकता है।

इमाम हुसैन की शहादत मानवता के लिए एक संदेश है कि जुल्मो-सितम करने वाले बुरे लोगों के सामने झुकना नहीं चाहिए। यायावर जैदी ने कहा कि इमाम हुसैन ने जुल्म के खिलाफ आवाज उठाई। यजीद की लाखों की फौज का 72 जानिसारों के साथ सामना किया। लेकिन सिर नहीं झुकाया और शहादत देकर जुल्म के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। पूर्व मंत्री सैयद अली हैदर के प्रेस क्लब पहुंचने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने शॉल ओढ़ाकर एवं बुके देकर उनका स्वागत किया। राव आफाक अली ने कहा कि मंगलोर में होने वाला स्वर्ण जयंती कार्यक्रम निश्चित रूप से मानवता का संदेश देगा। आपसी एकता मजबूत होगी और युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलेगा। पै्रसवार्ता में अथर काजमी, सैयद साबिर, सैयद रईस हैदर जैदी, भगवान गुप्ता, महेश शर्मा, सैयद कौसर जैदी, अमीर हसन अंसारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed