22 Nov 2026, Sun

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम कनखल में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

*जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना होना चाहिए – जिलाधिकारी मयूर दीक्षित*

 

*मधुमेह से पीड़ित बच्चों को आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने की रामकृष्ण मिशन की पहल सराहनीय – जिलाधिकारी*

*हरिद्वार, 22 नवंबर 

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम, कनखल में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इससे पीड़ित बच्चों और युवाओं को सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मधुमेह से संबंधित चित्रकला प्रदर्शनी एवं संगोष्ठी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा स्वामी रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम द्वारा बचपन से ही मधुमेह से पीड़ित बच्चों में आत्मविश्वास, जीवन जीने की कला और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। किसी व्यक्ति को जीवन जीने की कला सिखाना और उसे राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि मधुमेह से पीड़ित बच्चों को भी देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो रामकृष्ण मिशन की सराहनीय पहल है। जिला प्रशासन भी इस पुनीत कार्य में सहयोग करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना और समाज के लिए उपयोगी बनना होना चाहिए।

रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व मधुमेह से पीड़ित तीन छोटे बच्चों के साथ इस पहल की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। आज इस क्लब से लगभग 180 बच्चे एवं युवा जुड़ चुके हैं। रामकृष्ण मिशन के चिकित्सक नियमित रूप से इन बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं तथा उन्हें मधुमेह से लड़ने, अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!