17 Aug 2026, Mon

एसएसपी श्वेता चौबे का अपराध गोष्ठी में कड़ा रुख—सत्यापन में लापरवाही व चोरी पर लगाम न लगाने वाले थाना प्रभारियों की लगाई क्लास

नशा तस्करी व साइबर अपराध पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जनपद में सराहनीय कार्य एवं कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य के लिए 57 पुलिस कार्मिक सम्मानित

टिहरी। आज पुलिस लाइन चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल में श्वेता चौबे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी गढ़वाल की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी के प्रारंभ में एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी कार्य संबंधी एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा

गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, अभियोगों के निस्तारण तथा विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग एवं अपराध रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनपद में सराहनीय एवं कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस कार्मिकों की सराहना

एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल में सराहनीय, उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले तथा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र/मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरणा मिलती है।

एसएसपी ने सभी सम्मानित कार्मिकों को भविष्य में भी इसी प्रकार ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर दिए कड़े दिशा-निर्देश

आगामी त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

*गोष्ठी में दिए गए प्रमुख निर्देश*

सत्यापन अभियान: थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों एवं अन्य संवेदनशील श्रेणियों का प्रभावी एवं निरंतर सत्यापन अभियान चलाने तथा सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश: चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान, रात्रि गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने तथा पूर्व में घटित चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

*नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई*

मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार एवं कठोर कार्रवाई करने तथा नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

*साइबर अपराध*

साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को शीघ्र राहत तथा प्रभावी विवेचना एवं तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ड्रंकन ड्राइव एवं यातायात नियम

शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति एवं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!