27 Jun 2026, Sat

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन, रविंद्र पुरी महाराज फिर बने अध्यक्ष , 8 अखाड़ों की बैठक में हुआ चुनाव,

हरिद्वार, 27 जून। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार देर शाम श्री पंचायत अखाड़ा निर्मल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के सचिव श्रीमंत रविंद्र पुरी महाराज ने की। इस दौरान परिषद की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।

नई कार्यकारिणी में श्रीमंत रविंद्र पुरी महाराज को पुनः अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का अध्यक्ष चुना गया। वहीं राजेंद्र प्रसाद महाराज को महामंत्री, दुर्गादास महाराज (उदासीन बड़ा अखाड़ा) को उपाध्यक्ष, शंकर दास महाराज को मंत्री-सह-संयोजक, संजय दास महाराज (हनुमानगढ़ी) को राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा सत्यम गिरी महाराज (अटल अखाड़ा) को लेखाकार की जिम्मेदारी सौंपी गई।

परिषद ने संरक्षक मंडल में भगतराम महाराज, दयाल सदा महाराज तथा ज्ञानदेव सिंह महाराज को शामिल किया है।

बैठक में संत समाज ने सनातन धर्म की रक्षा, संरक्षण एवं उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी वर्षों में आयोजित होने वाले कुंभ पर्वों को सनातन संस्कृति एवं शास्त्रीय परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक के समापन के बाद संत समाज एवं विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सनातन धर्म, संत समाज और अखाड़ा परंपरा के हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!