चमोली। रक्षाबंधन से पहले पुलिस कार्यालय में राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनें अपने हाथों से तैयार की गई हैंडमेड और क्रोशिया की राखियां लेकर पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार एवं पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग मदन सिंह बिष्ट को राखी बांधी।

बहनों के हाथों से बनी इन राखियों में उनकी मेहनत के साथ-साथ स्नेह और शुभकामनाएं भी थीं। राखी बांधते समय बहनों ने पुलिस अधिकारियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सुखद जीवन की कामना की। पुलिस अधिकारियों ने भी बहनों के इस प्यार और सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस दौरान ममता भट्ट, शोभा फर्स्वाण, सीमा नेगी, दीया कंडारी, खुशबू सोनी, दीपा पुरोहित एवं कविता नेगी मौजूद रहीं।

वहीं ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की बहनों ने भी एसपी चमोली को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
चमोली पुलिस के लिए ये पल सिर्फ राखी बंधवाने तक सीमित नहीं थे। खाकी की ड्यूटी निभाते हुए समाज की बहनों से मिला यह स्नेह पुलिसकर्मियों के लिए हौसला भी है और एक भावनात्मक जुड़ाव भी।

