अल्मोड़ा, 21 जुलाई
दो सामुदायिक शौचालयों के लिए 5-5 लाख , पिनाथ ईको ट्रेक के लिए वन विभाग को 10 लाख रुपये की स्वीकृति
जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर क्षेत्र में पर्यटकों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो सामुदायिक शौचालयों के विकास हेतु 5-5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा द्वारा प्रस्तुत पिनाथ ईको ट्रेक के विकास के प्रस्ताव को समिति ने स्वीकृति प्रदान की। ट्रेक के विकास कार्यों के लिए वन विभाग को 10 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।इस पहल से साहसिक एवं प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं में भी वृद्धि होगी।

