13 Aug 2026, Thu

फर्नीचर मार्केट और कवर्ड मार्केट में अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने एडीबी के अंतर्गत लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से फर्नीचर मार्केट एवं कवर्ड मार्केट बौराड़ी में किए जा रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति का क्रॉस वेरिफिकेशन करते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

‎फर्नीचर मार्केट में सीलन एवं जल निकासी की समस्या पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से पानी के रिसाव को ठीक करने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्केट में खुले एवं लटकते तारों की वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने तथा विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा करने को कहा। मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

‎पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के समन्वय से नियमित सफाई कराने को कहा। साथ ही, छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्केट में जल निकासी, वायरिंग एवं सफाई व्यवस्था व अन्य कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‎कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान खुले में लटक रहे तारों, गंदगी एवं दुकानों के बाहर खाली स्थान में कूड़ा-करकट पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुकान के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने तथा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीढ़ियों के निकट दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैबों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें हटाने के निर्देश भी दिए।

‎जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के लिए यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। कार्य पूर्ण होने के बाद फर्नीचर एवं कवर्ड मार्केट की बेहतर व्यवस्थाएं क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होंगी।

‎इस अवसर पर अध्यक्ष व्यापार मंडल शिवराज सिंह सजवाण, प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!