27 Jul 2026, Mon

ताड़ीखेत में निर्माणाधीन रोडवेज कार्यशाला एवं प्रस्तावित बस अड्डे का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

अल्मोड़ा, 07 जून

गत दिवस जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं विधायक प्रमोद नैलवाल ने ताड़ीखेत स्थित उत्तराखण्ड परिवहन निगम की निर्माणाधीन वर्कशॉप एवं प्रस्तावित बस अड्डे का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कार्यशाला हेतु चयनित भूमि, प्रस्तावित निर्माण कार्यों तथा पहुंच मार्ग का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण उपरांत कार्यशाला के लिए पहुंच मार्ग के संबंध में चर्चा की गई तथा सड़क निर्माण हेतु उपयुक्त मार्ग का चयन किया गया।

चयनित मार्ग के निर्माण के लिए युवा कल्याण विभाग के निष्क्रिय एवं जर्जर भवन को ध्वस्त कर वहां से निकास मार्ग विकसित किए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। वहीं कार्यशाला का प्रवेश मार्ग ताड़ीखेत बाजार की ओर से प्रस्तावित किया गया।

जिलाधिकारी ने प्रस्तावित मार्ग पर मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय व्यापारियों एवं कारीगरों की सुविधा को देखते हुए कार्यशाला परिसर में कैंटीन तथा अन्य आवश्यक दुकानों की व्यवस्था विकसित करने के संबंध में भी निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने वनभूमि हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाकर प्रस्ताव का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं विधायक ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!