14 Jun 2026, Sun

वीकेंड और सोमवती अमावस्या का डबल डोज, हरिद्वार की सड़कों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

धर्मनगरी हरिद्वार में वीकेंड और सोमवती अमावस्या का असर साफ दिखाई देने लगा है। कल साय से ही शहर में श्रद्धालुओं और यात्रियों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हाईवे से लेकर शहर की मुख्य सड़कों तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें नजर आने लगीं। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे हैं, और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग रहा है।

हालांकि सोमवती अमावस्या का मुख्य स्नान कल सोमवार को होना है, लेकिन रविवार की छुट्टी का लाभ उठाने के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचने लगे हैं। हरकी पैड़ी और गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी भीड़ देखी जा रही है।

शहर के अधिकांश होटल, धर्मशालाएं और गेस्ट हाउस फुल हो चुके हैं। देर शाम तक पहुंचने वाले यात्रियों को ठहरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही । पार्किंग स्थलों की स्थिति भी लगभग भर चुकी है, जिसके चलते सड़क किनारे खड़े वाहनों की संख्या बढ़ गई है, और जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही व्यापक इंतजाम किए हैं। हाईवे, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बावजूद वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि ट्रैफिक व्यवस्था लगातार चुनौती बनी हुई है।

प्रशासन का अनुमान है कि सोमवार को सोमवती अमावस्या स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होगी। फिलहाल हरिद्वार की सड़कों पर आस्था, भीड़ और जाम का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जिसने पूरे शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!