2.66 लीटर कोडीन सिरप समेत ट्रामाडोल व अल्प्राजोलाम बरामद, संचालक गिरफ्तार…
रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चाउमंडी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल व अल्प्राजोलाम बरामद किए हैं। मामले में स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह व वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को सूचना मिली थी कि पल्स मेडिकल स्टोर, नियर भगवती अस्पताल, चाउमंडी में मेडिकल लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर कोतवाली गंगनहर पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
ऊपरी मंजिल पर छिपाकर रखा था स्टॉक

जांच के दौरान पाया गया कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस में केवल भूतल का नक्शा दर्ज है, जबकि मौके पर प्रथम और द्वितीय तल पर भी लोहे की सीढ़ियों के माध्यम से दवाओं का भंडारण किया गया था। तलाशी के दौरान गत्ते के डिब्बों में डायपर के नीचे छिपाकर नशीली दवाएं रखी मिलीं।
यह दवाएं हुईं बरामद
कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप – 2660 मिलीलीटर
ट्रामाडोल एचसीएल टैबलेट्स – लगभग 142.73 ग्राम
ट्रामाडोल इंजेक्शन – 16 मिलीलीटर
अल्प्राजोलाम टैबलेट्स – लगभग 11.21 ग्राम
मौके पर दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई बिल, शेड्यूल H1 रजिस्टर अथवा पंजीकृत चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
संचालक ने कबूला अपराध
मौके पर मौजूद शुभम कुमार सैनी (27 वर्ष) निवासी ग्राम हद्दीवाला, थाना कलियर ने स्वयं को मेडिकल स्टोर का संचालक बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लालच में आकर वह प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर बेच रहा था। पुलिस ने उसे धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।

