22 Jul 2026, Wed

खटीमा क्षेत्र में हुई हत्या का मुख्य आरोपी हाशिम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

रोडवेज बस स्टेशन के सामने हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

नामजद आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

कोतवाली खटीमा क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने त्वरित और निर्णायक कार्रवाई के साथ सुलझा लिया है। दिनांक 12 दिसंबर 2025 को रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक तुषार भारद्वाज की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अलग–अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से सामने आया कि मुख्य आरोपी हाशिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुषार भारद्वाज पर चाकुओं से हमला कर निर्मम हत्या की तथा अन्य दो युवकों को गंभीर रूप से घायल किया।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी

एसएसपी महोदय के कुशल निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर श्री उत्तम सिंह नेगी एवं क्षेत्राधिकारी खटीमा श्री बिमल रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक खटीमा बिजेन्द्र शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। इसी क्रम में दिनांक 13/14 दिसंबर की रात मुखबिर की सूचना पर कस्बा झनकट स्थित ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने पर आरोपी हाशिम ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए नानकमत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!