30 May 2026, Sat

गृह सचिव शैलेश बगौली ने किया कोतवाली गोपेश्वर का आकस्मिक निरीक्षण, डिजिटल पुलिसिंग और जनमैत्री पर दिया विशेष जोर

चमोली। जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत *गृह सचिव उत्तराखण्ड शासन, शैलेश बगौली* जनपद मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

तत्पश्चात गृह सचिव द्वारा कोतवाली गोपेश्वर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्यालयीय कार्यप्रणाली, आगन्तुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था, मालखाना, बैरक, भोजनालय एवं आमजन को प्रदान की जा रही पुलिस सेवाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गृह सचिव महोदय ने पुलिस कार्यप्रणाली में *फॉरेंसिक जांच प्रणाली* को और अधिक प्रभावी बनाने, ऑनलाइन एवं *डिजिटल साक्ष्यों* (डिजिटल एविडेंस) के सुदृढ़ प्रबंधन हेतु आवश्यक ढांचा विकसित करने तथा पुलिसिंग में डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने *अपराध एवं आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क प्रणाली (सीसीटीएनएस) तथा आईसीजेएस (इंटर – ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम) के प्रभावी उपयोग* के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गृह सचिव ने आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से *जनमैत्री पुलिसिंग* पर विशेष जोर देते हुए *जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर* जैसी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन, शिकायतों के समयबद्ध पंजीकरण एवं उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने *लंबित मालों* के निस्तारण की प्रगति, *पुलिस कर्मियों की आवासीय व्यवस्थाओं, बाल अपराध एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों* के शीघ्र निस्तारण तथा लंबित विवेचनाओं के त्वरित निष्पादन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

गृह सचिव द्वारा जनपद में *पुलिस बल की रिक्तियों पर चिंता व्यक्त* की गई तथा विशेष रूप से महिला उपनिरीक्षकों के रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त *जनपद में उपलब्ध फॉरेंसिक वाहन* के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। वाहन के अत्यधिक पुराने होने पर संबंधित अधिकारियों को नवीन वाहन उपलब्ध कराए जाने हेतु शासन स्तर पर प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।

गृह सचिव ने विशेष सचिव गृह निवेदिता कुकरेती से विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों से संबंधित विषयों पर वार्ता की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस दौरान परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, एसडीएम चमोली राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!