19 Jun 2026, Fri

माननीय राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा, 18 जून

माननीय राज्यपाल उत्तराखंड लेफ्टिनेंट जनरल(से०नि०) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राज्यपाल महोदय को जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति तथा जनसुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

माननीय राज्यपाल ने अधिकारियों को योजनाबद्ध एवं लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि साइबर फ्रॉड की रोकथाम, नशा उन्मूलन, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण तथा पर्यटन क्षेत्र के विकास पर विशेष गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रभावी प्रयासों से जनपद के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

राज्यपाल महोदय ने जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की तथा जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!