43 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 9 प्रतिष्ठानों को फूड लाइसेंस न होने पर जारी किए नोटिस
दही, दूध, तेल, सरसों का तेल, चॉकलेट एवं बेवरेज सहित 6 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए

हरिद्वार, 20 जुलाई
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार कांवड़ मेला-2026 के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला तथा भगवानपुर से गागलहेड़ी तक स्थित स्थायी एवं अस्थायी खाद्य स्टॉल, ढाबों, भोजनालयों, रेस्तरां एवं होटलों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीमनन्द जोशी के नेतृत्व में पहली टीम ने बहादराबाद से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग पर कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 9 प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस नहीं पाया गया तथा आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं थे। इस पर संबंधित संचालकों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर फूड लाइसेंस बनवाकर प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को रेट सूची प्रदर्शित करने, बासी भोजन का विक्रय न करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी प्रदर्शित कराए गए। इस दौरान दही, दूध एवं तेल के 3 नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिए गए।

