21 Aug 2026, Fri

परिवहन विभाग का सघन रात्रिकालीन चेकिंग अभियान, चार प्रवर्तन दलों ने की संयुक्त कार्रवाई

हरिद्वार। परिवहन सचिव, रविनाथ रमन एवं जिलाधिकारी हरिद्वार, मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में परिवहन विभाग की दो विशेष टास्क फोर्स, इंटरसेप्टर वाहन दल तथा प्रवर्तन टीम द्वारा जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। सभी टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रहकर देर रात तक यात्री वाहनों, माल वाहनों, दोपहिया एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के प्रपत्रों तथा सुरक्षा मानकों की जांच की।

विशेष अभियान के दौरान कुल 551 यातायात एवं परिवहन संबंधी अभियोग दर्ज किए गए। एक वाहन में एक से अधिक उल्लंघन पाए जाने पर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए।

कार्रवाई के दौरान प्रमुख रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 174 अभियोग, गलत लेन में वाहन संचालन के 49 अभियोग, वाहन कर एवं कर रसीद से संबंधित 48 अभियोग तथा वाहन में अनधिकृत परिवर्तन के 17 अभियोग दर्ज किए गए।

इसके अतिरिक्त वाहन की बॉडी से बाहर निकले हुए असुरक्षित भार तथा भार को असुरक्षित तरीके से बांधकर वाहन चलाने के मामलों में विशेष कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) संबंधी जांच भी की गई। बिना वैध पंजीयन, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र के वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!