31 Aug 2026, Mon

जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ब्लिंकिट स्टोर सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से 13 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए

खाद्य मानकों के उल्लंघन पर ब्लिंकिट स्टोर, ब्रेडटोफू निर्माता कंपनियों को नोटिस, दो मामलों में न्यायालय में वाद दायर

हरिद्वार, 31 अगस्त

खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत जनपद भर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने ऑनलाइन ई-प्लेटफॉर्म सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच की

ज्वालापुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। आवश्यक अभिलेख, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल, तापमान मापन उपकरण तथा खाद्य पदार्थों के रखरखाव और भंडारण में मानकों का पालन नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

वहीं नोएडा की एक ब्रेड निर्माता कंपनी को लेबलिंग नियमों के उल्लंघन तथा एक टोफू निर्माता कंपनी को उत्पाद को “सोया पनीर” के नाम से बेचने पर नोटिस जारी किया गया। मौके से देशी घी, ब्रेड, मिठाई और टोफू के चार नमूने जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मेला के दौरान चंडीघाट स्थित शंकर ढाबा में खराब मसालों के उपयोग और बिना फूड लाइसेंस संचालन के मामले में न्यायालय में वाद दायर किया है। इसी प्रकार खानपुर स्थित प्रहलाद स्वीट्स से लिया गया दूध का नमूना जांच में अधोमानक पाए जाने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण और बिना लाइसेंस संचालन के मामले में भी न्यायालय में वाद दर्ज किया गया है।

इसके अलावा पिरान कलियर, रुड़की शहर तथा होटल-रेस्टोरेंटों में निरीक्षण के दौरान तेल, मसाले, दूध, चायपत्ती और चाट मसाला सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा बिना फूड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नोटिस जारी किए गए।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद हरिद्वार में अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!