कार्यालय में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था न होने एवं परिसर में घास–झाड़ियों की कटान न होने पर संबंधित कर्मचारियों को लगाई कड़ी फटकार
शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय का लिया जायजा, शीघ्र विकसित करने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकार मयूर दीक्षित ने सोमवार को मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया तथा परिसर में उगी घास एवं झाड़ियों की कटान न होने और समुचित स्वच्छता व्यवस्था न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परिसर की तत्काल साफ-सफाई कराने, घास एवं झाड़ियों की कटान सुनिश्चित करने तथा कार्यालय को व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए जिससे आमजन को बेहतर सुविधा और सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरटीई से संबंधित सभी मामलों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि पात्र बच्चों को शिक्षा का अधिकार बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक विलंब के उपलब्ध हो।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थित पंजिका का भी अवलोकन किया तथा सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता एवं पारदर्शिता के साथ तथा सभी पत्रावलियों का रख रखाव ठीक ढंग से करने के निर्देश दिए।

