
*प्रेम नगर आश्रम घाट पर चलाए गए अभियान में 8 टन कूड़ा एकत्रित, विभिन्न घाटों, मंदिर परिसर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी चला स्वच्छता अभियान*
*विभिन्न स्थानों पर कुल 9,206 किलोग्राम यानी 9 टन 206 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, विभागीय कार्मिकों एवं सामाजिक संस्थाओं ने किया प्रतिभाग*
*हरिद्वार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जनपद हरिद्वार में गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण बाजारों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता महाअभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को अभियान के सातवें दिन कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में प्रेम नगर आश्रम घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों, मंदिर परिसर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, विभिन्न विभागों के कार्मिकों, आश्रम के कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रेम नगर आश्रम घाट पर प्रातः 8 बजे संचालित स्वच्छता अभियान में डीएवी स्कूल, जगजीतपुर के 150 छात्र-छात्राओं एवं अध्यापक-अध्यापिकाओं ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं दो कार्मिक, एसडीआरएफ के आशीष त्यागी के नेतृत्व में 13 कार्मिक, कुंभ मेला प्रशिक्षु के रूप में फायर ब्रिगेड के 50 कार्मिक तथा नगर निगम हरिद्वार के स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में 12 कार्मिक एवं अग्निशमन के 50 जवान भी अभियान में शामिल हुए।
प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद जी महाराज के नेतृत्व में 40 कार्यकर्ताओं ने भी घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई में योगदान दिया। इस अभियान के दौरान कुल 8 टन कूड़ा एकत्रित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने घाट क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

इसी क्रम में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल, रानीपुर, हरिद्वार के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों ने गोविंद घाट पहुंचकर मां गंगा के घाट की स्वच्छता की। अभियान के दौरान कुल 135 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित किया गया। स्वयंसेवियों ने गंगा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने तथा नदी एवं उसके आसपास कूड़ा न डालने के प्रति लोगों को जागरूक किया।
वहीं, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स निर्मल हरिद्वार एवं आदर्श युवा समिति की टीम ने गोविंदपुरी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में 15 स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग करते हुए कुल 700 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित किया। अभियान के माध्यम से गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और जनसहभागिता के जरिए स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।
बृहद स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत हरिद्वार द्वारा विकासखंड बहादराबाद के लक्सर रोड स्थित ग्रामीण बाजारों तथा आसपास के मिसरपुर, नूरपुर, पंजनहेड़ी, फेरूपुर, पदार्था, बादशाहपुर, पूरनपुर एवं रामखेड़ा क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान 62 किलोग्राम सूखा ठोस अपशिष्ट तथा 115 किलोग्राम गीला एवं मिश्रित ठोस अपशिष्ट एकत्रित किया गया। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 177 किलोग्राम कचरा एकत्रित कर स्वच्छता एवं कचरे के उचित निस्तारण का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त 27 अक्टूबर 2026 को उषा ब्रेको लिमिटेड, मां मनसा देवी उड़न खटोला के कर्मचारियों द्वारा बृहद स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उड़न खटोला परिसर के आसपास तथा हनुमान मंदिर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में कुल 18 कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कर्मचारियों ने सफाई के दौरान 74 किलोग्राम सूखा कूड़ा तथा 120 किलोग्राम गीला कूड़ा एकत्रित किया। इस प्रकार इस अभियान में कुल 194 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित कर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया गया।
इस प्रकार स्वच्छता महाअभियान के सातवें दिन प्रेम नगर आश्रम घाट, गोविंद घाट, गोविंदपुरी घाट, बहादराबाद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों तथा मां मनसा देवी उड़न खटोला परिसर एवं हनुमान मंदिर क्षेत्र में संचालित अभियानों के दौरान कुल 9,206 किलोग्राम यानी 9.206 टन कूड़ा एकत्रित किया गया। इसमें प्रेम नगर आश्रम घाट से 8,000 किलोग्राम, गोविंद घाट से 135 किलोग्राम, गोविंदपुरी घाट से 700 किलोग्राम, जिला पंचायत के ग्रामीण क्षेत्रों से 177 किलोग्राम तथा मां मनसा देवी उड़न खटोला परिसर एवं हनुमान मंदिर क्षेत्र से 194 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के अंतर्गत स्वच्छता अभियान को जनसहभागिता से व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण बाजारों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्वच्छता महाअभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें, गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने में सहयोग दें, ताकि कुंभ मेला-2027 के आयोजन से पूर्व हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
इस दौरान श्री प्रेम नगर आश्रम के महाप्रबंधक महात्मा सौम्यानंद, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पवन कार्की, प्रबंधक पवन कुमार, सीएसआई श्रीकांत,सीआई मोहित कुमार सहित विभिन्न संस्थाओं एवं आमजन मानस शामिल हुए।

