
*सम्बन्धित अधिकारियों को पार्किंग से सम्बन्धित विभिन्न कार्यों को समय से पूर्ण करने के दिये निर्देश*
हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला के यातायात प्लान के सफल क्रियान्वयन हेतु कुम्भ मेला के दौरान प्रस्तावित पार्किंगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रस्तावित यातायात प्लान के अनुसार कुम्भ मेला के दौरान दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रैस-वे, सहारनपुर हरियाणा, पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को उपरोक्त वाहनों में पार्क कराया जाना प्रस्तावित है।

धीरवाली पार्किंग में लगभग 14,000 वाहन, चिन्मय कॉलेज पार्किंग में लगभग 8,000 वाहन, सैनिक फार्म बहादराबाद पार्किंग में लगभग 20,000 वाहनों को पार्क कराये जाने की क्षमता है।

उपरोक्त वाहन पार्किंगों को विकसित करने हेतु प्रचलित समतलीकरण कार्य, पार्किंग के प्रवेश व निकास मार्ग का निर्धारण, पार्किंगों के लेआउट प्लान आदि विभिन्न तैयारियों के सन्दर्भ में आज *आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला* द्वारा धीरवाली पार्किंग, चिन्मय कॉलेज पार्किंग, सैनिक फार्म बहादराबाद पार्किंग का निरीक्षण किया गया तथा पार्किंगों के सैक्टर प्लान, पार्किंगों में वाहनों के प्रवेश एवं निकास के सम्बन्ध में चर्चा की गई तथा सभी कार्यों को समय से पूर्ण करने के सम्बन्ध में मौके पर उपस्थित लोनिवि. तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं पार्किंग ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिये गये।

