12 Feb 2026, Thu
Breaking

गुरुकुल काँगड़ी (समविश्वविद्यालय) हरिद्वार की प्रबंध समिति ( बोओएम) की बैठक सम्पन्न विश्वविद्यालय और कर्मचारी हितों के कई महत्वपूर्ण निर्णय पारित

हरिद्वार
25 जुलाई, 2025 को गुरुकुल काँगड़ी (समविश्वविद्यालय) के सर्वोच्च प्रबंध तंत्र बोर्ड ऑफ़ मैनेजमेंट की नई दिल्ली स्थित एआईयू में बैठक सम्पन्न हुई है. बीओएम के तेरह सदस्यों में ग्यारह सदस्य बैठक में उपस्थित रहे कुलपति प्रो. प्रभात कुमारकी अध्यक्षता में समपन्न बीओएम की बैठक में विश्वविद्यालय और कर्मचारी हित के कई महत्वपूर्ण निर्णय पारित किए गए जिसके फलस्वरूप विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और अकादमिक परिवेश में गुणवत्तापूर्ण सुधार होंगे तथा विश्वविद्यालय तेजी से विकास पथ पर अग्रसर होगा।
बीओएम की बैठक में समस्त सदस्यों द्वारा कुलाधिपति श्री एस के आर्य की नियुक्ति का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कुलपति प्रो. प्रभात कुमार ने प्रबंध तंत्र की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि बीओएम ने सर्वसम्मति से निर्णय किया कि कुलपति- प्रो .प्रभात कुमार, कुलसचिव-प्रो. सुनील कुमार और वित्ताधिकारी-प्रो. राकेश कुमार की नियुक्तियों का अनुमोदन किया गया. बीओएम ने तत्कालीन कुलपति द्वारा कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार को वापस उनके मूल संस्थान में भेजने के निर्णय को असंवैधानिक मानते हुए निरस्त कर दिया है तथा कुलसचिव को अपने पद पर कार्य करने के निर्देश बीओएम द्वारा दिए गए हैं।

प्रो. प्रभात कुमार ने बीओएम की बैठक में सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि अनुरक्षण अनुदान और स्वयं वित्त पोषित श्रेणी के अंतर्गत काम करने वाले कर्मियों के फिक्स चिकित्सा क्षति-पूर्ति व्यय को तीस हजार से बढ़ाकर चालीस हजार कर दिया गया गया है तथा अनुरक्षण श्रेणी हेतु चिकित्सा क्षति-पूर्ति को वास्तविक अथवा फिक्स के आधार पर प्राप्त करने के चुनाव करने का अधिकार देने का भी निर्णय किया गया है. बीओएम द्वारा कुलाधिपति श्री एस के आर्य द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रेषित पत्रों का सत्यापन किया तथा उन्हें वैध करार दिया. विश्वविद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए प्रबंध तंत्र के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सेल्फ फाईनेन्स श्रेणी में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों के डीए में 3% की वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की आगे स्वत: नियमानुसार डीए बढ़ता रहे इसलिए एक फार्मूला विकसित किया जाएगा जिससे आगमी 18 अगस्त को होने वाली बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा. सेल्फ फाईनेन्स श्रेणी में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों को कुछ उपबंधों के साथ एलटीसी की सुविधा प्रारम्भ करने का निर्णय भी बीओएम द्वारा लिया गया।

कुलपति प्रो. प्रभात कुमार ने बीओएम की बैठक में विश्वविद्यालय कर्मियों और विश्वविद्यालय हित में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि देश के लिए शहीद हुए परिवार के आश्रितों के बच्चों की ट्यूशन फीस माफ़ करने का निर्णय किया गया है तथा उन्हें प्रवेश में 3% आरक्षण भी दिया जाएगा. इसके साथ ही गुरुकुल काँगड़ी विद्यालय विभाग, गुरुकुल काँगड़ी फार्मेसी, कन्या गुरुकुल परिसर देहरादून, हरे राम आर्य इंटर कालेज, हरिद्वार, ज्वालापुर इंटर कालेज तथा गुरुकुल साइंस इंटर कालेज के कमर्चारियों के बच्चों को प्रवेश हेतु मेरिट लिस्ट में 5% अंक देने का प्रावधान भी किया गया है.बीओएम की बैठक में गुरुकुल काँगड़ी विश्वविद्यालय के मृतक आश्रितों हेतु 18,000/- एवं 20,000/- प्रतिमाह दो श्रेणी में नियुक्ति देने पर सैद्धान्तिक सहमति बनी है मृतक आश्रित सेवाभिलाषियों की सूची आगामी 18 अगस्त को होने वाली बीओएम बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।

एक अन्य उल्लेखनीय निर्णय बीओएम द्वारा यह लिया गया है कि विश्वविद्यालय में तदर्थ व अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मियों के वेतन में 3%, 5%, 7% एवं 9% की बढ़ोतरी की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गयी. लाभार्थियों की सूची आगामी बैठक में प्रस्तुत कर इस निर्णय का क्रियान्वयन किया जाएगा।
कुलपति प्रो. प्रभात कुमार ने बताया कि बीओएम की बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पास हुआ कि गुरुकुल की एक इंच भूमि भी खुर्द-बुर्द नहीं की जाएगी . विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों की पैरवी में गति लायी जाएगी तथा गुरुकुल की भूमि को वापस लाया जाएगा इस सन्दर्भ में समाज के जिम्मेदार व्यक्तियों का स्वागत सहित सहयोग लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed